Posted by CityPolice-Admin on 2026-03-24 14:00:05 |
Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits:
बिहार के मोतिहारी जिले में चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में मंगलवार की सुबह लगभग 2:30 बजे पुलिस STF और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने गोलीबारी की जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधी ढेर कर दिए गए हैं। हालांकि, इस एनकाउंटर के दौरान एसटीएफ का एक जवान भी शहीद हो गया है। बता दें कि इससे पहले अपराधियों ने 10 से 15 पुलिसकर्मियों की हत्या करने की धमकी दी थी।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पूर्वी चम्पारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र मैं दो दिन पहले अपर थानाध्यक्ष को अपराधी कुंदन ठाकुर ने फोन पर धमकी दी थी और दस से पंद्रह पुलिसकर्मियों की हत्या करने की बात कही थी। इसके बाद मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में अपराधियों को होने की सूचना पर घेराबंदी की गई। पुलिस की भनक लगते ही अपराधियों ने उनपर गोली चलाना शुरू कर दिया। इसमें अपराधियों की गोली एसटीएफ जवान राम यादव को लग गई। वहीं, पुलिस ने भी जबाबी कार्रवाई में गोली चलाई जिसमें कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे ढेर हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक कार्बाइन, दो कट्टा, दो देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस के साथ 17 खोखा बरामद किया है। घटना के बाद बेतिया प्रक्षेत्र DIG एवं मोतिहारी पुलिस अधीक्षक मौके पर पूरी घटना की छानबीन में जुट गए है।